ग्वालियर:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल कल 17 जुलाई को दोपहर एक बजे ग्वालियर आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वे सभी संभागीय मुख्यालयों के दौरे पर है। इसी तारतम्य में उनका यह दौरा हो रहा है। इस दौरान वे अटल ऑडिटोरियम में ग्वालियर संभाग के कार्यकर्ताओं की वृहद बैठक लेंगे। आज जिला पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की बैठक में दौरे को लेकर पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल द्वारा प्रदेश भाजपा की कमान संभालने के बाद पहले ग्वालियर दौरे को देखते हुए उनका भव्य स्वागत करने की तैयारियां शुरु हो चुकी है। उनका मार्ग में भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
अटल सभागार में होने वाली बैठक में ग्वालियर-चंबल संभाग के मंत्री विधायक और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे। खण्डेलवाल ग्वालियर आगमन पर शहर के प्रबुद्ध जनों से भी भेंट कर सकते हैं इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी अलग से बैठक का कार्यक्रम भी तय किया जा रहा है। ये दोनों ही कार्यक्रम अभी फायनल नहीं हुए हैं, इसके अलावा एकाध कार्यक्रम और उनके दौरे में शामिल हो सकता है।
