
घुघरी । घुघरी पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे 40 हजार रुपये के इनामी हत्यारे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी श्याम सिंह धुर्वे (38 वर्ष), निवासी झिगरघटा, ने वर्ष 2022 में अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार अपनी पहचान व ठिकाने बदलकर कानून की आंखों में धूल झोंकता रहा।
घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल ने के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ थाना घुघरी में अपराध क्रमांक 109/2022 धारा 302 भादंवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। पुलिस के अनुसार, श्याम सिंह धुर्वे ने 20 मई 2022 को अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या की थी, जिसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे थे। सूचना देने वाले को 40 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
थाना प्रभारी पूजा बघेल ने बताया कि गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण बघेल, आरक्षक फग्गन सिंह नेटी, टीकाराम परस्ते, सैनिक पवन सोनवानी एवं चालक धनेश मरावी की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस टीम की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना व्यक्त की है।
