इंदौर:धार रोड पर एक बेकाबू टैंकर ने एक हंसते-खेलते परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि दो मासूम बच्चों ने अपनी मां के साथ तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया.दुर्घटना धार रोड स्थित हाई लिंक सिटी के सामने की है। ग्राम कलरिया के रहने वाले अशोक देवड़ा अपनी पत्नी अनीता (30), दो वर्षीय बेटे रोहन और एक वर्ष की बेटी संतोषी के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में धार रोड से गुजर रहे थे।
पूरा परिवार बाइक पर सवार होकर अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा था। तभी हाई लिंक सिटी के मुख्य मार्ग के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे टैंकर के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और अनीता दोनों बच्चों सहित उछलकर सड़क पर जा गिरीं। इसी दौरान अनियंत्रित टैंकर का पहिया उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया।
रोंगटे खड़े कर देने वाले इस हादसे में सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण अनीता, रोहन (2 वर्ष) और दुधमुंही बच्ची संतोषी (1 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे अशोक देवड़ा भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने लहूलुहान हालत में अशोक को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने पंचनामा बनाकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है.
