रीवा:भारी वर्षा के चलते बाणसागर डैम का जल स्तर 339.70 मीटर पहुंच गया है. 3193 क्यूमेक्स जल की आवक को देखते हुए शनिवार को दोपहर 1 बजे 7 रेडियल गेट खोल दिये गये है. गेट नं. 6 से लेकर 12 तक खोले गये है. जिससे 2660 क्यूमेक्स पानी निकाला जा रहा है. जिले भर में अच्छी वर्षा तथा मैहर एवं सतना में वर्षा के कारण टमस नदी में भी पानी की आवक बढ़ गई है. बीहर बराज तथा बकिया बराज के 13 गेट आधी ऊंचाई तक खोलकर नियंत्रित रूप से पानी की निकासी की जा रही है.
टमस और बीहर नदियों में अधिक मात्रा में पानी आने से त्योंथर क्षेत्र में कई स्थानों पर टमस नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है. त्योंथर में टमस नदी का जल स्तर खतरे के निशान से 5 मीटर नीचे है. सितलहा पुल पर शाम 3 बजे से पानी जाने के कारण बैरियर लगाकर आवागमन बंद कर दिया गया है. एसडीएम पीयूष भट्ट ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के दोनों होमगार्ड सैनिक तैनात कर दिए गए हैं. त्योंथर क्षेत्र के किसी भी गांव में अभी बाढ़ का खतरा नहीं है.
जिले में अब तक 280.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
जिले में 91.3 मिलीमीटर वर्षा से बढ़ा नदियों का जल स्तर जिले में एक जून से अब तक 280.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. जिले में 12 जुलाई को 91.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई. लगातार वर्षा के कारण बीहर, टमस, बिछिया तथा अन्य नदियों के जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई. लगातार वर्षा के कारण कई निचली बस्तियों में जल भराव हो गया. सभी नदियाँ खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. जिले में 12 जुलाई को तहसील हुजूर में 205 मिलीमीटर तथा गुढ़ में 220 मिलीमीटर वर्षा के कारण बीहर एवं बिछिया नदियों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई.
इस दिन सेमरिया में 48 मिलीमीटर, रायपुर कर्चुलियान में 65 मिलीमीटर, सिरमौर में 55 मिलीमीटर, त्योंथर में 20 मिलीमीटर, मनगवां में 95 मिलीमीटर तथा जवा में 22 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. अब तक तहसील हुजूर में 417.8 मिलीमीटर, रायपुर कर्चुलियान में 196.5 मिलीमीटर, गुढ़ में 550 मिलीमीटर, सिरमौर में 287.6 मिलीमीटर, त्योंथर में 97 मिलीमीटर, सेमरिया में 259 मिलीमीटर, मनगवां में 297 मिलीमीटर तथा जवा में 169 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज गयी. गतवर्ष इसी अवधि में जिले में 94.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गयी थी.
