जबलपुर: शहर के नामचीन उद्योगपति महेश केमतानी के साथ उनके ही कर्मचारियों ने विश्वासघात किया। पांच साल में गड़बड़झाला कर हेराफेरी करते हुए करीबियों के खातों में 97 लाख रूपए ट्रांसफर करवा दिए। पुलिस ने रिपोर्ट पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक नया गांव रामपुर गोरखपुर निवासी महेश केमतानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे महानद्दा स्थित शुभ मोटर्स के मालिक हैं।
3 अप्रैल 2021 से 13 अप्रैल 2025 के बीच 97,87,150 रुपये का गबन हुआ है। कंपनी में कार्यरत मुस्कान खान उर्फ नसीम बानो, संदीप कुमार मिश्रा और नेहा विश्वकर्मा ने रकम को अपने करीबियों के अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की है। तीनों एकाउण्ट एवं पैसों के ट्रांसफर का काम देखते थे। जिन्होंने सुनियोजित तरीके से षडयंत्र पूर्वक विश्वासघात करते हुये आरटीजीएस फार्म में हस्ताक्षार कराते हुए उसमें काट-छाट हेराफेरी की है। इतना ही धोखाधडी को छिपाने के लिए टेली ऑटो वेन साफ्टवेयर एकाउंटिंग का उपयोग कर किसी अन्य कर्मचारी की आइडी भी बनाई।
44 खातों में रकम हुई ट्रांसफर
करीब 44 खातों में रकम ट्रांसफर हुई। ये रकम आरोपियों के परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों, करीबियों के खातों में ट्रांसफर की गई थी, बाद में इसे ऑनलाइन, चैक , नगद व अन्य माध्यम से आरोपियों को प्राप्त कर लिया जाता था।
एक गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने धोखाधडी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए गढ़ा निवासी मुस्कान खान उर्फ नसीम बानो को गिरफ्तार कर लिया जबकि धनवंतरी नगर गढ़ा निवासी संदीप कुमार मिश्रा, ग्वारीघाट निवासी नेहा विश्वकर्मा फरार है जिनकी तलाश जारी है
