
सीहोर/भैरूंदा/बुधनी. बरगी डेम के 4 गेट और खोले जाने से नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढऩे लगा है. अब तक यहां डेम के 13 गेट खुल चुके हैं. ऐसे में जब नर्मदा का जलस्तर बढ़ा तो रेहटी में कई पुल-पुलियाओं के ऊपर पानी बहने लगा. ऐसे में प्रशासन ने तुरंत ही इन पुल-पुलियाओं पर आवागमन बंद कर यहां कर्मचारियों को तैनात किया है. पुल पर आवागमन बंद करने के लिए प्रशासन ने कई जगह तो कांटे लगाकर रास्ता रोका है. हालांकि कहीं गंभीर स्थिति देखने को नहीं मिली. लेकिन प्रशासन अमला स्थिति नजर रखे हुए है.
बुधवार दोपहर के समय कलेक्टर बालागुरु के भी भैरूंदा क्षेत्र की स्थिति देखने पहुंचे. उन्होंने छिदगांव काछी पहुंचकर नर्मदा का जलस्तर देखा. उन्होंने सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए. पिछले तीन दिन से लगातार बुधनी, रेहटी और भैरूंदा क्षेत्र में तेज बारिश का दौर बना हुआ है. बुधवार को जहां दिन के समय सीहोर में बारिश नहीं हुई, वहीं बुधनी-रेहटी और भैरूंदा क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होती रही. ऐसे में यदि बारिश और ज्यादा तेज होती है तो यहां स्थिति बिगड़ सकती है. हालांकि प्रशासन का दावा है कि उन्होंने हर स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर ली है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी दी है. जिले में सबसे ज्यादा बारिश रेहटी और बुधनी में ही हुई है. मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि अंचल में तीन दिन भारी बारिश की संभावना है. यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
नर्मदा का जलस्तर बढऩे से जलमग्र हुआ नांदनेर घाट
बुधनी क्षेत्र के नांदनेर में नर्मदा नदी उफान पर है. नांदनेर घाट जलमग्न हो गया है. वहीं नांदनेर और माखन नगर को जोडऩे वाले पुल के ऊपर पानी आ गया है. पानी होने के बाद भी ग्रामीण पुल से आवागन करते रहे. हालांकि बाद में प्रशासन को सूचना दी तो पुल के रास्ते पर कांटे रखकर आवागमन रोका गया. नांदनेर से कुसुमखेड़ा मार्ग और जनमासा मार्ग भी पूरी तरह से बंद हो गए हैं. नर्मदा का लगातार जलस्तर बढ़ता देख आसपास के ग्रामीण भी चिंता में हैं. बुधनी तहसीलदार ललित सोनी ने बताया कि नांदनेर पुलिया और जैत नारायण मार्ग पूरी तरह से बंद है. यहां हमने रास्ता बंद कर कर्मचारी तैनात किया है, वहीं थाने पर सूचना देकर पुलिस बल भेजने के निर्देश दिए हैं. भैरूंदा के पास छिदगांव काछी में भी रपटे पर पानी होने से आवागमन बंद किया गया.
