ग्वालियर: शहर में स्वच्छता की अलख जगाने के लिए छात्रों ने फूलबाग गुरूद्वारा, मोती महल पैलेस तिराहा से नदी गेट चौराहा तक दीवार पर वॉल पेंटिग कर सुंदर-सुंदर कलाकृतियां उकेर कर आमजनों को स्वच्छता का संदेश दिया। प्रतियोगिता के अंत में कलेक्टर रुचिका चौहान, निगम आयुक्त संघ प्रिय ने वॉल पेंटिंग को देखा और सभी छात्रों की प्रशंसा की। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने विजेता छात्रों को पुरस्कार का वितरण किया ।
प्रतियोगिता से पूर्व नगर निगम ने वॉल पेंटिंग के लिए दीवार को सफेद रंग से समतल करा दिया था। सुबह से छात्र बड़ी संख्या में वॉट पेंटिंग के लिए पहुचे। छात्रों ने दीवार पर सुंदर-सुंदर कलाकृतियों को उकेरा, इसके लिए पहले छात्रों ने स्केच से कलाकृतियों के डिजाइन बनाए बाद में छात्रों ने इनमें रंग भरा। दीवार लगभग 10 फीट ऊंची है, इसके चलते नगर निगम ने वहां पर टेबल की व्यवस्था कर रखी थी, इसके बाद कई छात्रों ने टेबल पर चढक़र वॉल पेंटिंग की। वॉल पेंटिंग में छात्राओं ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया, सुबह से ही छात्राएं वॉल पेंटिंग के लिए नदीगेट पर पहुंच गई थीं, वहां पर पहले से ही निगम अधिकारी मौजूद थे, प्रत्येक वॉल पेंटिंग कराने वाले वाले अर्टिस्ट को नगर निगम द्वारा रंग ब्रेश आदि दिए गए थे।
