भोपाल: बागसेवनिया थाना पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को हिरासत में लिया है. आरोपी ने अपनी ही नाबालिग शाली के साथ दुष्कर्म किया, जिसका खुलासा तब हुआ जब पीडिता के गर्भवती होने की पुष्टि डाक्टरों ने की. अस्पताल की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ा. आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय नाबालिग अपने माता-पिता के साथ रहती है. नाबालिग की बड़ी बहन की शादी भी इसी क्षेत्र में हुई है. नाबालिग का जीजा अक्सर अकेले भी कई बार अपनी ससुराल पहुंचता था. नाबालिग के पिता मजदूरी का काम करते है, उसकी मां की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं होने से वह कहीं भी आती-जाती है. बीते महीने आरोपी ने नाबालिग को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.
आरोपी ने इस बात को छुपाए रखने के लिए उसे डराया धमकाया भी था. मामले का खुलासा तब हुआ जब नाबालिग पेट दर्द से परेशान होने लगी. पिता ने पास के अस्पताल में पहुंचकर बच्ची का इलाज कराया. जहां डाक्टरों ने पीडिता के गर्भवती होने की पुष्टि की. नाबालिग की काउसिंग की गई और उसने पूरी घटना बताई. इसके बाद अस्पताल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानकारी दी गई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है.
