जिमचेन (दक्षिण कोरिया), 05 जुलाई (वार्ता) भारत की अनाहत सिंह ने शनिवार को एशियाई जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 में चेउंग त्स चिंग को हराकर अंडर-19 लड़कियों का खिताब जीता।
पिछले महीने सीनियर एशियाई चैंपियनशिप में महिला और मिश्रित युगल दोनों खिताब जीतने वाली 17 वर्षीय भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने जिमचेन स्क्वैश स्टेडियम में खेले गये फाइनल में हांगकांग की चेउंग त्स चिंग को 3-0 (11-7, 11-2, 11-8) से हराया।
एशियाई जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में अनाहत का यह लगातार तीसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2022 में अंडर-15 लड़कियों का खिताब और 2023 में अंडर-17 का खिताब जीता था। उन्होंने 2019 में अंडर-13 स्तर पर कांस्य भी जीता था।
इस बीच, भारत के आर्यवीर दीवान ने अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में मलेशिया के शीर्ष वरीयता प्राप्त निखिलेश्वर मोगनसुंदरम को 3-0 (11-5, 11-8, 11-3) से हराकर लड़कों के अंडर-17 एशियाई जूनियर स्क्वैश का खिताब जीता।
दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों ‘लड़कों के अंडर-13 में अयान धानुका और लड़कियों के अंडर-15 में सान्वी कालंकी को अपने-अपने फाइनल में हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
सान्वी को फाइनल में मलेशिया की जिनोरीका निंग ने 3-0 (11-4, 11-6, 12-10) से हराया, जबकि अयान को खिताबी मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त पाकिस्तानी खिलाड़ी मुहम्मद सोहेल अदनान से 3-1 (11-5, 11-2, 11-13, 11-6) से हार का सामना करना पड़ा। अमर्या बजाज (लड़कों की अंडर 13), आर्यमन सिंह (लड़कों की अंडर 15) और अनिका दुबे (लड़कियों की अंडर 17) ने भी अपने-अपने मुकाबलों के सेमीफाइनल में जगह बनाकर महाद्वीपीय मीट से कांस्य पदक जीते।
