अहमदाबाद, 03 जुलाई (वार्ता) ट्रैवल फूड सर्विसेज लिमिटेड का प्ररंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सात जुलाई को खुलेगा।
कंपीन की ओर से गुरुवार को यहां जारी बयान में कहा है कि ट्रैवल फूड सर्विसेज लिमिटेड ने अपने पहले आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 1,045 से 1,100 रुपये निर्धारित किया है, जिसमें प्रत्येक शेयर की फेस वैल्यू एक रुपया है। कंपनी का आईपीओ सात जुलाई से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और नौ जुलाई को बंद होगा। निवेशक कम से कम 13 शेयर के लिए बोली लगा सकते हैं और इसके बाद 13-13 शेयरों के गुणक में बोली लगा सकते हैं।
यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है, जिसमें कपूर फैमिली ट्रस्ट 2,000 करोड़ रुपए तक के इक्विटी शेयर बेचेगा। योग्य कर्मचारियों के लिए इंप्लॉई रिजर्वेशन हिस्से में 104 रुपये प्रति इक्विटी शेयर की छूट दी जा रही है।
ट्रैवल फूड सर्विसेज लिमिटेड तेजी से बढ़ते भारतीय एयरपोर्ट ट्रैवल क्विक सर्विस रेस्तरां (ट्रैवल क्यूएसआर) और लाउंज सेक्टर में काम करती है। यह भारत, मलेशिया और हांगकांग के एयरपोर्ट्स पर ट्रैवल क्विक सर्विस रेस्तरां और लाउंज बिजनेस चलाती है। इसके अलावा, भारत में नौ हाइवे पर भी ट्रैवल क्यूएसआर हैं। इसका ट्रैवल क्यूएसआर बिजनेस ग्राहकों को फूड एंड बेवरेज (एफ एन्ड बी) कॉन्सेप्ट्स की एक रेंज ऑफर करता है। गत 31 मार्च 2025 तक इसके एफ एन्ड बी ब्रांड पोर्टफोलियो में 127 पार्टनर और इन-हाउस ब्रांड शामिल हैं।
इसका लाउंज बिजनेस एयरपोर्ट टर्मिनल्स के खास इलाकों को कवर करता है, जहां मुख्य रूप से फर्स्ट और बिजनेस क्लास के पैसेंजर्स, एयरलाइन लॉयल्टी प्रोग्राम्स के मेंबर, चुनिंदा क्रेडिट और डेबिट कार्ड होल्डर्स और अन्य लॉयल्टी प्रोग्राम्स के मेंबर पहुंच सकते हैं। टीएफएस की 31 मार्च 2025 तक भारत में 14 एयरपोर्ट्स, मलेशिया में 3 एयरपोर्ट्स और हांगकांग में एक एयरपोर्ट पर प्रजेंस है। भारत के इन 14 एयरपोर्ट्स में से 13 देश के 15 सबसे बड़े हवाई अड्डे शामिल हैं, जैसे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई।

