
जबलपुर। गुरूवार को नगर निगम परिसर में सामान्य सभा की बैठक शुरू हुई जिसके कुछ देर बाद ही विपक्ष ने हंगामा करते हुए धरना दे दिया। जिससे माहौल गरमा गया। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने कुछ देर के लिए बैठक स्थगित कर दी थी। हालांकि कुछ देर बाद फिर बैठक शुरू हुई । नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने नवभारत को बताया कि सर्वसम्मति से बैठक में 8 विषयों पर चर्चा करके उसे पास किया गया है।
अंदर कुछ और बाहर कुछ बोलता है विपक्ष: निगम अध्यक्ष
नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने कहा कि महापौर परिषद् में सर्वसम्मति से 10 में से 8 विषय पास हो गए हैं। बचे हुए 2 विषय लीज के थे जिन्हें विधि अधिमत के लिए भेजा गया है। अध्यक्ष ने ये भी कहा कि नेता प्रतिपक्ष और विपक्ष सदन बैठक के अंदर कुछ और बात करते हैं और बाहर जाकर मीडिया में कुछ और बाइट देते हैं। इसको लेकर महेश राजपूत ने सामान्य सभा की बैठक में विपक्ष का ये मुद्दा उठाया और कहा आप लोग ये दोहरा चरित्र क्यों अपनाते हो.. बैठक के अंदर कुछ बोलते हो और बैठक के बाहर मीडिया में कुछ और बयान देते हो। सामान्य सभा की बैठक में सोलर प्लांट लगाना, बर्फानी ठेकेदार के टर्मिनेशन का विषय, शहर की रोडों के नामकरण का विषय, पेंशनर्स की मंहगाई भत्ता का विषय, भूखंडों का आवंटन निरस्त करने का विषय, लीज नवीनीकरण, फ्लाई ओवर क्षतिपूर्ति राशि, ऑर्डर ऑफ टर्मिनेशन जारी करने के आवश्यक विषय शामिल रहे।
विपक्ष अपनी हठधर्मिता पर अड़ा है: महापौर
नगर निगम में दिए गए धरने पर महापौर जगत बहादुर सिंंह अन्नू ने कहा कि सामान्य सभा की बैठक में दस मामले आम हित के हैं, जिसे हर हाल में इस पर निर्णय लिया जाना है। इसमें एक मामला ऐसा है, जिस पर निर्णय लेने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाना है। अफसोस इस बात का है कि बैठक में विपक्ष अपने मुद्दो पर अड़ा रहा और वे महत्वपूर्ण विषयों को सुनने की बजाय वह अपनी पर रहा। महापौर ने यह भी कहा कि बैठक में पहले सामान्य सभा के विषयों पर चर्चा की जाए, उसके बाद विपक्ष के सारे विषयों पर चर्चा कर उनका निदान किया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी विपक्ष ने नहीं सुनी और अपनी बात पर अड़कर धरने पर बैठ गया लेकिन बाद में सभी विषयों पर चर्चा की गई। महापौर ने स्पष्ट कहा कि विपक्ष अपनी हठधर्मिता पर अड़ा हुआ है और वो नहीं चाह रहा कि शहर हित में विकास कार्य पूरे हों।
लिखित रूप से भी नहीं दिए चर्चा के विषय: महापौर
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि नियमों के मुताबित सामान्य सभा की बैठक के एक दिन पहले विपक्ष को लिखित रूप से उन विषयों को लिखकर नगर निगम अध्यक्ष को देना होता है जिन पर बैठक में चर्चा की जानी है। ऐसा विपक्ष ने कुछ नहीं किया लेकिन फिर भी सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष के सभी विषयों पर चर्चा की गई।
महापौर सिर्फ खुद की कर रहे ब्रांडिंग: नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि सामान्य सभा की बैठक में सत्ता पक्ष अपने 10 विषयों को लेकर आई थी और वह विपक्ष के जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा करने से बच रही थी जिस कारण विरोध स्वरूप कांग्रेस पार्षद दल को धरने पर बैठना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष ने इस दौरान दो टूक कहा कि बर्फानी ठेकेदार का ठेका तो निरस्त कर दिया गया है लेकिन वो जिन-जिन वार्डों में सफाई व्यवस्था का जिम्मा कर्मचारियों के सहारे उठाता था वहां आज तक जिम्मेदारों द्वारा न तो लेबर की व्यवस्था की गई है और न ही सफाई की.. नतीजा कई वार्ड गंदगी से प्रभावित हो रहे हैं। श्री मिश्रा ने पत्रकारों से कहा कि महापौर सिर्फ खुद की ब्रांडिंग करने में लगे हुए हें उन्हें शहर की आम जनता से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस पार्षद दल जल कर, प्रॉपर्टी कर, डोर टू डोर कचरा व्यवस्था, वार्डों में पसरी गंदगी जैसे विषयों पर चर्चा बैठक में करना चाह रहा था।
