सत्यजीत दुबे ने ‘सिमुलाक्रा’ को अपनी सहज अनुभूति के आधार पर दी थी मंजूरी

मुंबई, 15 जुलाई (वार्ता) अभिनेता सत्यजीत दुबे ने कहा है कि उन्होंने आगामी साइंस-फिक्शन फीचर फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ को किसी तर्क या गणना के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी सहज अनुभूति पर भरोसा करते हुए स्वीकार किया था। फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सत्यजीत दुबे ने बताया कि निर्देशक पंकज सावंत की पहली फीचर फिल्म का हिस्सा बनने का उनका निर्णय रचनात्मक विश्वास और निर्देशक के विजन से प्रभावित था। सत्यजीत ने कहा, “मैं हमेशा ऐसे फिल्मकारों के साथ काम करने के लिए तैयार रहता हूं जो नई सोच और अलग विजन लेकर आते हैं। जब मेरी पंकज से मुलाकात हुई तो उन्होंने मुझे फिल्म की कहानी विस्तार से सुनाई और ऑडियो-विजुअल रेफरेंस भी दिखाए।

पहली बार में मैं पूरी कहानी को पूरी तरह समझ नहीं पाया था, लेकिन जिस दुनिया को वह पर्दे पर रचने की कोशिश कर रहे थे और जिस जुनून के साथ वह यह कहानी कहना चाहते थे, वही बात मेरे दिल में उतर गई।” सत्यजीत ने कहा कि फिल्म के लिए हां कहना पूरी तरह उनकी गट फीलिंग पर आधारित था। “इसके बाद हम सभी का सिर्फ एक ही लक्ष्य था कि सबसे बेहतरीन फिल्म बनाई जाए। मैंने एक अभिनेता और सहयोगी के रूप में अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश की,”

सत्यजीत दुबे ने कहा कि अब वह फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा, “एक समय के बाद आप अपने ही काम को निष्पक्ष नजर से नहीं देख पाते। आखिरकार किसी भी फिल्म से लोग कितना जुड़ते हैं, यह दर्शक ही तय करते हैं। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि लोग इस फिल्म को किस तरह अनुभव करते हैं और यह किन नई चर्चाओं को जन्म देती है।”
श्रिकांत कदम, प्रवीण पिंगत और पंकज सावंत द्वारा फिलोसिया फिल्म्स के बैनर तले निर्मित ‘सिमुलाक्रा’ एक हाई-कॉन्सेप्ट साइंस-फिक्शन फिल्म है, जिसमें सत्यजीत दुबे और अक्षरा हासन प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का प्रीमियर 17 जुलाई को वेव्स ओटीटी पर होगा।

.....

Next Post

1 किलो 618 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, हटा पुलिस की कार्रवाई

Wed Jul 15 , 2026
दमोह। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हटा पुलिस ने एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए […]

You May Like