1 किलो 618 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, हटा पुलिस की कार्रवाई

दमोह। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हटा पुलिस ने एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 1 किलो 618 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार भदौरिया व एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई को थाना हटा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति पीले रंग की थैली में अवैध गांजा लेकर लालटेक क्षेत्र से हटा की ओर पैदल आ रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने तत्काल पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ लालटेक पुल के समीप पहुंचकर घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने अपना नाम देवेन्द्र पिता धनीराम काछी, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम हारट, जिला दमोह बताया। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास रखी पीले रंग की थैली में चार पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया। आरोपी से गांजा रखने संबंधी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मौके पर की गई तौल में बरामद गांजे का कुल वजन 1 किलो 618 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, उपनिरीक्षक शिलाश कुमार, प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, तुलसीराम, आरक्षक संजय, पवन, अभिषेक सहित आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बताया गया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

हटा साहू समाज ने किया इंदौर महिला अध्यक्ष भावना साहू का भव्य स्वागत

Wed Jul 15 , 2026
हटा/दमोह। इंदौर साहू समाज की महिला अध्यक्ष व प्रख्यात अधिवक्ता भावना साहू का प्रथम बार नगर हटा आगमन होने पर साहू समाज द्वारा मां कर्मा देवी चौक (अंधियारा बगीचा) में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता […]

You May Like