इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में एक शातिर चोर को चोरी करना भारी पड़ गया. घर में घुसकर जेवरात पार करने के बाद आरोपी ऊपरी मंजिल पर महिला से झूमाझटकी कर रहा था, तभी शोर सुनकर पहुंचे गृहस्वामी और पड़ोसियों ने उसे धरदबोचा. तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि घटना नेहरू नगर की है. फरियादी जितेंद्र पिता नाथूलाल जैन निवासी नेहरू नगर ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी दीपक पिता गजराज सिंह मंडलोई निवासी मनावर, जिला धार, हाल मुकाम नेहरू नगर चोरी की नीयत से उनके घर में घुसा. आरोपी बाहर बनी सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ा और गेट की कुंडी खोलकर घर के बीच वाले फ्लोर पर दाखिल हो गया. आरोपी दीपक ने कमरे में रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे एक जोड़ी चांदी के पायल, 4 नग बिछुड़ी, एक सोने की अंगूठी और एक आर्टिफिशियल बेन्टेक्स का रानी हार चोरी कर अपनी जेब में रख लिया.
चोरी करने के बाद आरोपी और माल समेटने की नीयत से घर की ऊपरी मंजिल पर चला गया.ऊपरी मंजिल पर आरोपी जितेंद्र के किरायेदार विनोद सोनी के कमरे में घुस गया, जहाँ वह विनोद की पत्नी शिवा के साथ झूमाझटकी करने लगा. शिवा के चिल्लाने की आवाज सुनकर जितेंद्र तुरंत ऊपर पहुंचे. उन्हें देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और जितेंद्र के साथ भी झूमाझटकी की. हालांकि, जितेंद्र ने हिम्मत दिखाते हुए उसे दबोच लिया और नीचे ले आए. शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए.
मौके पर मौजूद लोगों ने जब आरोपी दीपक की तलाशी ली, तो उसकी जेब से जितेंद्र के घर से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और रानी हार बरामद हो गया. सूचना मिलने पर एमआईजी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है कि वह क्षेत्र में और कितनी वारदातों में शामिल रहा है.
