आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर हो सकते हैं हेजलवुड और स्टार्क

नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और जॉश हेजलवुड के अपनी टीमों के शुरुआती आईपीएल मैचों के लिए उपलब्ध रहने की संभावना कम है, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) आगामी व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए अपने प्रमुख तेज गेंदबाज़ों के वर्कलोड को मॉनिटर कर रही है। इसका मतलब है कि स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) और हेजलवुड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो आगामी आईपीएल सीजन के कुछ हिस्से या पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। पैट कमिंस पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती मैचों से बाहर हो चुके हैं, जबकि जैक एडवर्ड्स (सनराइजर्स हैदराबाद) भी शुक्रवार को पूरी तरह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए। नेथन एलिस (चेन्नई सुपर किंग्स) के भी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने की प्रबल संभावना है। कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई समर में सिर्फ़ एक टेस्ट खेला था। दिसंबर में खेला गया तीसरा एशेज टेस्ट, जुलाई 2025 के बाद उनका एकमात्र मैच था। उन्होंने इस टेस्ट मैच से पहले और बाद में अपनी पीठ की स्ट्रेस चोट को मैनेज किया।

वहीं, हेज़लवुड हैमस्ट्रिंग समस्या के कारण पूरी एशेज सीरीज से बाहर रहे। हेजलवुड ने पिछले साल घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और भारत के ख़िलाफ सीमित ओवर के कुछ मैच खेले थे, साथ ही नवंबर में एक शेफ़ील्ड शील्ड मैच में भी हिस्सा लिया था। लेकिन पिछले कई महीनों में वह ज़्यादातर समय बाहर ही रहे हैं।
स्टार्क एशेज में ऑस्ट्रेलिया के मुख्य गेंदबाज रहे। उन्होंने सभी पांच टेस्ट खेले और 31 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता था। वह सीजन के अंत में बीबीएल में भी खेले थे। स्टार्क टी20 से संन्यास ले चुके हैं, इसलिए वह फरवरी-मार्च में भारत और श्रीलंका में हुए टी20 विश्व कप के लिए उपलब्ध नहीं थे, जहां ऑस्ट्रेलिया पहले राउंड में ही बाहर हो गया। कमिंस और हेजलवुड भी उस टूर्नामेंट में नहीं खेले थे।
आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा और मई के आख़िर तक चलेगा।

Next Post

गुटेरेस ने अमेरिका, इज़रायल से युद्ध समाप्त करने का किया आग्रह, वैश्विक परिणामों की दी चेतावनी

Fri Mar 20 , 2026
ब्रुसेल्स, 20 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गुरुवार को अमेरिका और इज़रायल से ईरान युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया और सैन्य कार्रवाई के स्थान पर कूटनीति अपनाने पर बल दिया। यूरोपीय परिषद की बैठक के दौरान यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री गुटेरेस ने कहा […]

You May Like