
जबलपुर। लार्डगंज थाना अंतर्गत सुपर मार्केट के पास सोमवार रात्रि पैसे के लेनदेन को लेकर उपजे विवाद के बाद सुलह हो गई जो थोड़ी ही देर में बड़े विवाद में तब्दील हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आपस में भिड़ गए। धक्कामुक्की से शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक जा पहुंचा, जिसमें एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया था। घटना से मौके पर अफरा तफरी एवं भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। सूत्रों की माने तो सुपर मार्केट इंडिया कॉफी हाउस के पास स्थित सुहागन आभूषण भंडार के ऊपर ऑफिस में सोमवार रात्रि दस बजे पैसे के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया लेकिन थोड़ी ही देर बाद विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे लात घूसे चलने के साथ चाकूबाजी हुई, जिसमें एक युवक घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल अधिवक्ता का पुत्र बताया जा रहा है। देर रात तक पुलिस अधिकारी मामले में कुछ भी कहने से बचते रहे।
