इंदौर: चोइथराम चौराहे के पास एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई. तेज रफ्तार लोडिंग वाहन की टक्कर से युवक सड़क पर गिरा और सिर में गंभीर चोट आने के चलते उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया.राजेंद्र नगर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मृतक की पहचान राहुल पिता प्रेमकुमार चौहान निवासी बिजलपुर के रूप में हुई है.
वह चोइथराम चौराहे की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आए एक अज्ञात लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गहरी चोट आई. राहगीरों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है. फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन और उसके चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है
