इंदौर: शिलॉंग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद से लापता उसकी पत्नी सोनम की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है। गुरुवार सुबह पुनः सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बचाव दल ने एडी व्यू पॉइंट की खाई में ड्रोन की मदद से छानबीन की, लेकिन सोनम का अब तक कोई अता-पता नहीं चल सका।रघुवंशी परिवार के सदस्य ने नव भारत को बताया कि इससे पहले बुधवार को तलाशी के दौरान खाई में एक लाल-काली रंग की महिला जैकेट मिली थी, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। जैकेट के संबंध में सोनम के भाई ने दावा किया है कि वह उसकी नहीं है।
वहीं पुलिस इसे मामले से जोड़कर जांच कर रही है और यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह जैकेट आरोपी बदमाशों में से किसी की हो सकती है। पुलिस को जांच में पता चला है कि सोनम और राजा जिस स्कूटी पर थे, वह कुछ देर के लिए एडी व्यू पॉइंट पर रुकी थी। स्कूटी की जीपीएस लोकेशन ट्रैक कर उस स्थान को तलाश का केंद्र बनाया गया है। वहीं पास में स्थित झरने में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। बुधवार को मौसम खराब होने के चलते तलाशी दोपहर में रोक दी गई थी, जो गुरुवार सुबह फिर से शुरू की गई।
