
इंदौर. हनीमून पर मेघालय गए राजा रघुवंशी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है. मेघालय पुलिस ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि राजा की जान पेड़ काटने वाले औजार से ली गई थी. यह बात मंगलवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आई. पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिम ने परिजनों को बताया कि हत्या में उपयोग किए गए हथियार को पुलिस ने बरामद कर लिया है. जल्द ही इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे. वहीं सोनम की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी 11 दिन से लापता थे. सोमवार को उनका शव मावक्मा इलाके की गहरी खाई में मिला. राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी अभी तक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने पूरे मामले को हत्या और अपहरण करार देते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि राजा का मोबाइल, पर्स, गहने और अन्य सामान घटनास्थल से गायब है. इससे साफ है कि मामला संदिग्ध है. मेघालय पुलिस मामले की गंभीरता को छिपाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह हादसा होता, तो राजा का शव एक हजार फीट गहरी खाई में कैसे गिरा, जबकि घटनास्थल पर पांच फीट ऊंची सुरक्षा दीवार भी बनी है.वहीं जांच में सामने आया कि दंपति जिस स्कूटी से घूमने निकले थे, वह शव मिलने की जगह से करीब 25 किलोमीटर दूर एडी व्यू पॉइंट पर खड़ी मिली. जीपीएस लोकेशन से पता चला कि स्कूटी 23 मई को कुछ देर वहीं रुकी थी. वहीं, शव के आसपास एक टूटा मोबाइल और धारदार हथियार भी मिला, जो संभवतः हत्या में इस्तेमाल किया गया हो.
राजा की मौत की खबर से इंदौर स्थित उनके निवास पर मातम पसरा है. परिजनों ने राजा के शव का अंतिम संस्कार इंदौर में ही करने का फैसला किया है. फिलहाल, राजा की मां और पिता को यह दुखद समाचार नहीं बताया गया है. उन्हें मोबाइल और टीवी से भी दूर रखा गया है. मामले में भाई सचिन रघुवंशी ने बताया कि राजा का शव उनके भाई विपिन और साले गोविंद द्वारा विमान से इंदौर लाया जाएगा. परिवार चाहता है कि माता-पिता को बेटे के अंतिम दर्शन कराए जाएं.
