जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य जांच के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और रक्त अल्पता (एनीमिया) को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की स्वास्थ्य जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं में हीमोग्लोबिन की जांच कराने और रक्त अल्पता को दूर करने के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने बच्चों को कार्बाइड गन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का भी निर्देश दिया।इस अवसर पर, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने शिक्षा और स्वास्थ्य को कार्य की प्राथमिकता में रखने पर बल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि पंचायतों में प्राप्त टैक्स का उपयोग स्थानीय स्तर पर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर खर्च किया जाना चाहिए। श्री गहलोत ने इस संबंध में जल्द ही एक विशेष अभियान चलाने की जानकारी भी दी, जिसका उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर शिक्षा और स्वास्थ्य के स्तर में सुधार लाना है। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सौरभ सिंह, और जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
