चीन बेलारूस के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार है: शी जिनपिंग

तियानजिन, 31 अगस्त (वार्ता) चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने रविवार को कहा कि वह बेलारूस के साथ हाथ मिलाने के लिए तैयार है।

श्री जिनपिंग ने उत्तरी चीनी शहर तियानजिन में बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको से मुलाकात के दौरान यह टिप्पणी की। गौरतलब है कि श्री लुकाशेंको शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन (एससीओ) 2025 में भाग लेने को अभी चीन में हैं और जापानी आक्रमण के विरुद्ध चीनी जनप्रतिरोध युद्ध और विश्व फासीवाद-विरोधी युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ में भी भाग लेंगे।

चीनी राष्ट्रपति ने मानवता के दोराहे पर खड़े होने का हवाला देते हुए कहा कि वह सच्चे बहुपक्षवाद के पालन के लिए बेलारूस के साथ मिलकर काम करने और विश्व शांति, विकास तथा परस्पर लाभकारी सहयोग में संयुक्त रूप से योगदान देने को तैयार है। जबकि बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने चीन को ऐसा सदाबहार साझेदार बताया जिस पर हमेशा भरोसा किया जा सकता है।

श्री जिनपिंग ने कहा कि चीन और बेलारुस के लोगों ने कभी कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी थी। बेलारूस ने सैन्यवाद और फासीवाद को कुचलने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था और एक गहरी दोस्ती कायम की थी।।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों को अपने-अपने मूल हितों और प्रमुख चिंताओं से जुड़े मुद्दों पर एक-दूसरे का दृढ़तापूर्वक समर्थन करना चाहिए। उच्च गुणवत्ता वाले बेल्ट एंड रोड सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए तथा सहयोग के नए विकास इंजनों को बढ़ावा देने के लिए विकास रणनीतियों को और अधिक रेखांकित करना चाहिए।

बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मामलों में चीन के रुख की सराहना करते हुए कहा कि चीन ने यूरेशियाई महाद्वीप और विश्व में शांति और स्थिरता के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बेलारूस चीन का सदाबहार साझेदार है जिस पर हमेशा भरोसा किया जा सकता है। उन्होंने चीन के साथ आदान-प्रदान को गहरा करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की आशा व्यक्त की।

बैठक में प्रौद्योगिकी, वित्त, मीडिया, परिवहन और सीमा शुल्क निरीक्षण एवं क्वारेंटाइन जैसे क्षेत्रों को कवर करने वाले सहयोग दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर किए गए।

Next Post

पुतिन चार दिवसीय चीन यात्रा पर पहुंचे

Sun Aug 31 , 2025
तियानजिन, चीन, 31 अगस्त (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के न्योते पर चार दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे। अपनी इस यात्रा के दौरान श्री पुतिन शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और विदेशी नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। संवाददाताओं के […]

You May Like