चाकू की नोक पर क्लीनिक संचालक से लूट

जबलपुर:पाटन थाना अंतर्गत बगदरी घाटी में चार नकाबपोश बदमाशों ने एक क्लीनिक संचालक को अकेला पाकर चाकू अड़ाया और उनसे हजारों की नगदी सहित चांदी की चेन लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूलतः सैलवाड़ा तेंदुखेड़ा, जिला दमोह निवासी 23 वर्षीय छोटू रैकवार, ग्राम पौड़ीकला में अपनी क्लीनिक चलाते हैं। जब वह अपने घर से क्लीनिक जा रहे थे, तभी बगदरी घाटी के पास वे फ्रेश होने के लिए अपनी गाड़ी खड़ी कर जंगल की ओर गए। इसी बीच पीछे से आए चार नकाबपोश युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
चाकू दिखा बोले, जो कुछ भी सामान है चुपचाप निकाल दे, वरना मार देंगे-
पीड़ित छोटू रैकवार ने बताया कि दो लड़कों ने उन्हें मजबूती से पकड़ लिया, जबकि एक अन्य युवक ने अचानक चाकू निकालकर उनके पेट पर अड़ा दिया। बदमाशों ने डराते हुए कहा, जो कुछ भी सामान है चुपचाप निकाल दे, वरना अंजाम बुरा होगा। डर के मारे युवक ने अपना पर्स निकाल दिया, जिसमें रखे 22 हजार रुपये बदमाशों ने लूट लिए। इसके साथ ही एक सफेद शर्ट पहने युवक ने उनके गले से चांदी की चेन भी झपट ली। वारदात के बाद बदमाश पीड़ित को धक्का देकर जंगल के रास्ते भाग निकले।
बदमाशों के हुलिए से पहचान की कोशिश-
पीड़ित ने पुलिस को चारों आरोपियों के हुलिए की जानकारी देते हुए बताया कि पहला आरोपी पीली शर्ट और जींस पहने था, जिसने चाकू अड़ाया। उसके हाथ में फंगल इंफेक्शन के निशान थे।
दूसरा आरोपी नीली शर्ट और जींस में था, जिसके दाहिने हाथ पर टैटू बना हुआ है। तीसरा आरोपी जिसकी नाक के ऊपर पुरानी चोट का गहरा निशान है। चौथा आरोपी सफेद शर्ट और जींस पहने हुए था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है साथ ही हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

NSG देश का सुरक्षा कवच, चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम डॉ यादव

Mon Apr 6 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है और एनएसजी कमांडरों का पराक्रम देश का मान-सम्मान विश्वभर में बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार […]

You May Like