भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा और शांति को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है और एनएसजी कमांडरों का पराक्रम देश का मान-सम्मान विश्वभर में बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को लाल परेड ग्राउंड में आयोजित एनएसजी के समग्र क्षमता निर्माण प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम के दौरान मंच से मुख्यमंत्री को सलामी देकर उनका अभिवादन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना एवं एनएसजी के डीजी भृगु श्रीनिवासन ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएसजी भारत का मजबूत सुरक्षा कवच है, जिसकी शौर्य और निष्ठा का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत शांति में विश्वास रखता है, लेकिन यदि कोई देश की व्यवस्था को चुनौती देगा तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने की ठोस तैयारी है।
डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश अब पूर्णत: नक्सल मुक्त हो चुका है, जो सुरक्षा बलों और पुलिस के साहस का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काउंटर टेररिज्म ग्रुप के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की योजना पर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने जवानों की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति जमीन, पानी और हवा में दुश्मनों का मुकाबला करने में सक्षम हैं।
