सौसर: खेल जगत से क्षेत्र के लिए एक बेहद खुशी की खबर सामने आई है। तेलंगाना बधिर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाले आगामी टी-20 राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए लोधीखेड़ा की बेटी कु. दीपाली गंगाधर गोखे का चयन किया गया है। यह टूर्नामेंट 7 अप्रैल से 9 अप्रैल तक हैदराबाद में आयोजित होगा।
महाराष्ट्र से शुरू हुआ सफर
दीपाली मध्यप्रदेश बधिर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैदान में उतरेंगी। वे महाराष्ट्र सावनेर स्थित बधिर एवं मूक आवासीय विद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि प्रतिभा और दृढ़ निश्चय हो, तो कोई भी शारीरिक बाधा सफलता के आड़े नहीं आ सकती।
नगर में हर्ष का माहौल
दीपाली, नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गंगाधर गोखे की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर समस्त नगरवासियों सहित पूरे सौसर क्षेत्र में गौरव का माहौल है।
बधाई देने वालों का लगा तांता
दीपाली के चयन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों बधाई देनेवालों का तांता लगा हुआ है। इनमें प्रमुख रूप से विधायक विजय चौरे के अलावा कांग्रेस परिवार के सदस्य एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी तथा सामाजिक और मीडिया संगठनों के प्रतिनिधि शामिल है।
बहरहाल सभी ने दीपाली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भरोसा जताया है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
