सोमनाथ चटर्जी की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संविधान सदन में दी पुष्पांजलि

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी की जयंती पर संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर कई सांसदों, पूर्व सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी केंद्रीय कक्ष में पहुंचकर पूर्व अध्यक्ष को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने भी सोमनाथ चटर्जी को पुष्पांजलि अर्पित की। 25 जुलाई 1929 को असम के तेजपुर में जन्मे श्री चटर्जी पेशे से अधिवक्ता थे। उन्होंने 1968 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा और 1971 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गये। वे लगातार 10 बार सांसद रहे। चार जून 2004 को उन्हें सर्वसम्मति से 14वीं लोकसभा का अध्यक्ष चुना गया, जिस पद पर वे 31 मई 2009 तक रहे। उन्हें वर्ष 1996 में उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

अपनी बुद्धिमत्ता, वाकपटुता और संसदीय मूल्यों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए पहचाने जाने वाले श्री चटर्जी ने सदन में चर्चा का स्तर ऊंचा उठाने में अहम भूमिका निभायी। अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने संसदीय कार्यप्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाये।
जुलाई 2006 में 24 घंटे प्रसारित होने वाले ‘लोकसभा टेलीविजन’ (एलएसटीवी) का शुभारंभ और अगस्त 2006 में अत्याधुनिक संसदीय संग्रहालय का उद्घाटन उनकी प्रमुख पहलों में शामिल है।
उल्लेखनीय है कि संविधान सदन में पूर्ववर्ती लोकसभा कक्ष की बाहरी लॉबी में श्री चटर्जी का तैलचित्र सुशोभित है। चित्रकार मनीष कुमार राव के बनाये गये इस तैलचित्र का अनावरण 10 फरवरी 2014 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था।

.....

Next Post

मोदी ने आषाढ़ी एकादशी की शुभकामनाएं दीं

Sat Jul 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को भक्ति और करुणा का उत्सव बताया और उम्मीद जतायी कि भगवान विट्ठल के आशीर्वाद से लोगों को हर व्यक्ति के कल्याण और गरिमा के लिए काम […]

You May Like