बदलते मिजाज का मौसम: बादलों की दस्तक के साथ 18-19 को हल्की बारिश के आसार

भोपाल: प्रदेश में मौसम अब करवट लेने की तैयारी में है। पश्चिमी विक्षोभ की हलचल के चलते आने वाले दो-तीन दिनों में कई इलाकों में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम वर्षा तक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 और 19 फरवरी को ग्वालियर-चंबल, सागर तथा उज्जैन संभाग के कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कहीं-कहीं बारिश भी दर्ज हो सकती है।

अभी पूरे प्रदेश में मौसम का मिला-जुला स्वरूप देखने को मिल रहा है। दिन के समय तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है, जबकि रात के समय ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। खंडवा और खरगोन जैसे शहरों में पारा 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया, जिससे दिन में गर्मी का अहसास बढ़ा।
दूसरी ओर न्यूनतम तापमान ने कई जगह सर्दी का एहसास बनाए रखा। कटनी जिले के करौंदी में पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जबकि पचमढ़ी, कल्याणपुर और रीवा में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। इन क्षेत्रों में सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस की गई, जबकि मैदानी इलाकों में दोपहर अपेक्षाकृत गर्म रही।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का सीधा प्रभाव भले ही प्रदेश पर सीमित हो, लेकिन 17 से 19 फरवरी के बीच इसका अप्रत्यक्ष असर दिखाई दे सकता है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उज्जैन संभाग में भी बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है, जिसका असर राजधानी भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में बादल छाए रहने के रूप में नजर आ सकता है।

Next Post

शादी की तैयारियों के बीच पसरा सन्नाटा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दूल्हे की मौत

Mon Feb 16 , 2026
बैतूल: शिवरात्रि मेले में जाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। युवक का टीका कार्यक्रम पांच दिन बाद प्रस्तावित था।पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम बोथिया, थाना साईंखेड़ा निवासी अजय पिता गुलाब कवडे दोपहर को […]

You May Like