बैतूल: शिवरात्रि मेले में जाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। युवक का टीका कार्यक्रम पांच दिन बाद प्रस्तावित था।पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम बोथिया, थाना साईंखेड़ा निवासी अजय पिता गुलाब कवडे दोपहर को अपनी दोपहिया वाहन से सोनाघाटी शिवरात्रि मेला जा रहा था। ग्राम झीटापाटी जोड़ के पास दोपहर लगभग डेढ़ बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी दोपहिया को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर उपस्थित लोगों ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए उसे चिकित्सालय पहुंचाने का प्रयास किया, किंतु मार्ग में ही उसकी मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया।बताया गया है कि अजय खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी तय हो चुकी थी तथा 20 फरवरी को उसका टीका कार्यक्रम आयोजित होना था। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, किंतु इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
