भोपाल। पर्युषण महापर्व के अवसर पर ग्रीन पार्क, बैरसिया रोड स्थित जैन मंदिर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित नाट्य मंचन ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में आर्यव जैन ने भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं एडवोकेट राजेश कुमार जैन एवं दीपिका जैन ने श्रीपाल-मैनासुंदरी के पात्रों का जीवंत अभिनय किया। उनकी वेशभूषा, अभिनय और संवाद प्रस्तुति को उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा।
धार्मिक नाटक के माध्यम से कलाकारों ने धर्म, संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पद्मावती पोरवाल क्षेत्रीय समिति के प्रवक्ता भविष्य जैन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को धर्म और संस्कृति से जोड़ने के साथ धार्मिक मूल्यों को सहज एवं मनोरंजक तरीके से समझने का अवसर देते हैं।
