भोपाल। पुलिसकर्मियों की पारिवारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नेहरू नगर स्थित पुलिस पब्लिक स्कूल में 60 बच्चों की क्षमता वाले नवनिर्मित वात्सल्य झूलाघर (डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ किया गया। यह केन्द्र ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के छोटे बच्चों की देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी आरक्षक से लेकर डीएसपी स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रही हैं। इसके अलावा दोहरी आय वाले परिवारों की संख्या भी बढ़ी है। पुलिसकर्मियों को कई बार लंबे समय तक, देर रात और त्योहारों के दौरान भी ड्यूटी पर रहना पड़ता है। ऐसे में छोटे बच्चों की देखभाल महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गई है।
उन्होंने कहा कि वात्सल्य झूलाघर में बच्चों की उचित देखभाल सुनिश्चित होगी, जिससे पुलिसकर्मी अपने बच्चों की चिंता से मुक्त होकर कर्तव्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। यह सुविधा विशेष रूप से महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पारिवारिक एवं व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद करेगी।
कार्यक्रम में अनिल कुमार, जयदीप प्रसाद, डी. श्रीनिवास वर्मा, सोलोमन यश कुमार मिंज, संजय कुमार, मोनिका शुक्ला और शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस परिवारों के लिए प्रस्तावित गरबा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
