
उमरिया। जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में जहां कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों से ठगी की कोशिश हुई थी, वहीं अब कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल को निशाना बनाया गया है। ठगों ने उनका नाम और फोटो लगाकर व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाया और जिले के कई लोगों से पैसों की मांग की। संदेशों का अंदाज ऐसा था मानो स्वयं जिलाध्यक्ष ने मदद मांगी हो।
विजय कोल ने स्पष्ट किया कि उनका केवल 8770265035 नंबर ही आधिकारिक है और उन्होंने पूरे मामले की शिकायत साइबर सेल से की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर गिरोह प्रभावशाली लोगों की पहचान का दुरुपयोग कर जनता को आसानी से फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लगातार बढ़ते ये मामले बताते हैं कि जागरूकता और कड़ी कार्रवाई दोनों ही समय की आवश्यकता है।
