
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं जिले के समस्त अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन तथा थाना/चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में जिले में फरार आरोपियों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की धरपकड़ हेतु विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। दिनांक 27 एवं 28 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात जिले के समस्त थाना/चौकी क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा 37 स्थाई वारंट एवं 73 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 110 वारंट तामील किए गए। वारंटों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा जिले के 82 गुण्डा बदमाश एवं 45 निगरानी बदमाशों, कुल 127 व्यक्तियों की चेकिंग की गई। उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में स्पष्ट हिदायत दी गई।
फरार आरोपियों पर लगातार कार्यवाही-
सीधी पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ एवं गुण्डा/निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के उद्देश्य से समय-समय पर कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया जा रहा है। विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होने वाले आरोपियों के विरुद्ध जारी स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामीली हेतु पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सीधी पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामीली तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
