मुंबई, (वार्ता) देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स की सहायक इकाई टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने दक्षिण अफ्रीका के यात्री वाहन बाजार में एक बार फिर प्रवेश करते हुए चार नये मॉडल पेश किये हैं।
कंपनी ने बताया कि उसने जोहान्सबर्ग के सैंडटन स्थित द गैलेरिया में आयोजित भव्य कार्यक्रम में हैरियर, कर्व, पंच और टियागो का अनावरण किया। ये वाहन विशेष रूप से दक्षिण अफ्रीकी उपभोक्ताओं की जरूरतों और उनकी जीवनशैली को ध्यान में रखकर डिजाइन किये गये हैं।
टाटा मोटर्स ने दक्षिण अफ्रीका के अग्रणी ऑटोमोबाइल समूह मोटस होल्डिंग्स के साथ वितरण, रिटेल और बिक्री बाद सेवाओं के लिए साझेदारी की है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड एवं टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि दक्षिण अफ्रीका में वापसी टाटा मोटर्स के वैश्विक सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। मोटर्स के साथ साझेदारी के जरिये कंपनी दक्षिण अफ्रीकी ग्राहकों को भरोसेमंद सेवा और बेहतर स्वामित्व अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मोटस होल्डिंग्स के ग्रुप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओकेर्ट जांस वैन रेनस्बर्ग ने कहा, “दक्षिण अफ्रीका में टाटा मोटर्स के प्रतिष्ठित मॉडल्स को फिर से पेश करने के लिए कंपनी के साथ साझेदारी करते हुए हमें गर्व है। वितरण, रिटेल और आफ्टरसेल्स में हमारी विशेषज्ञता और टाटा की इंजीनियरिंग तथा नवाचार क्षमता के संयोजन से ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले वाहन और बेहतरीन मूल्य का अनुभव मिलेगा।”
शुरुआत में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स दक्षिण अफीका में 40 डीलरशिप नेटवर्क के माध्यम से काम करेगी, जिसे 2026 तक बढ़ाकर 60 करने की योजना है। कंपनी ने जल्द ही एक मजबूत पहचान बनाकर दक्षिण अफ्रीका के यात्री वाहन बाजार में अग्रणी नाम के रूप में खुद को स्थापित करने की योजना बनायी है।
हाल के वर्षों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है जहां साल 2020 में बिक्री 1,70,000 यूनिट्स थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 5,60,000 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो 350 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्शाती है।
