चंडीगढ़, 23 अप्रैल (वार्ता) राउंडग्लास हॉकी एकेडमी (आरजीएचए) के चार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का बुलावा मिला है।गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह को 36-सदस्यीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए चुना गया है, जबकि अर्शदीप सिंह, वरिंदर सिंह और अर्जनदीप सिंह को आने वाले अंडर18 पुरुष एशिया कप की तैयारी शिविर के लिए नामित किया गया है। सीनियर संभावित खिलाड़ियों की सूची में प्रिंसदीप का शामिल होना उनके करियर में एक और मजबूत कदम है। हाल ही में ‘हॉकी इंडिया जुगराज सिंह अवार्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’ (पुरुष – अंडर 21) पाने वाले प्रिंसदीप गोलपोस्ट के बीच लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं।
सीनियर राष्ट्रीय शिविर में उनका चयन आरजीएचए के हाई-परफॉर्मेंस इकोसिस्टम के भीतर उनके लगातार हो रहे विकास को दर्शाता है और यह सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की दिशा में उनकी अपेक्षित प्रगति का संकेत है। जूनियर वर्ग में, अर्शदीप सिंह, वरिंदर सिंह और अर्जनदीप सिंह की तिकड़ी को अंडर18 पुरुष एशिया कप की तैयारी कैंप के लिए बुलाया गया है। इन युवा खिलाड़ियों ने हाल ही में राजगीर में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाई है।अब यह तिकड़ी उस अंतिम टीम में जगह बनाने के लिए आपस में मुकाबला करेगी, जो अंडर 18 पुरुष एशिया कप के लिए जापान के काकामिगाहारा जाएगी। यह टूर्नामेंट 29 मई से छह जून तक चलेगा।

