लॉस एंजेलिस, 23 अप्रैल (वार्ता)ओलंपिक में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं, क्योंकि लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए समर्पित क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण पोमोना में शुरू हो चुका है। लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण आधिकारिक रूप से कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस काउंटी स्थित पोमोना में शुरू हो गया है, जो 128 साल बाद इस खेल की ओलंपिक में वापसी की दिशा में एक बड़ा कदम है। बुधवार को पोमोना के फेयरप्लेक्स ग्राउंड्स पर ग्राउंड-ब्रेकिंग समारोह आयोजित किया गया। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने इसे क्रिकेट के लिए “एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर” बताया। जय शाह ने कहा, “यह क्रिकेट के लिए बेहद खास समय है, क्योंकि यह खेल अब तेजी से एक वैश्विक पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट को दुनिया भर में फैलाने पर लगातार काम किया जा रहा है और ओलंपिक का हिस्सा बनना गर्व और नए सपनों का मौका देता है।” उन्होंने भरोसा जताया कि यह नया वेन्यू ओलंपिक के दौरान मुख्य आकर्षण बनेगा और अमेरिका में क्रिकेट के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।
ओलंपिक में क्रिकेट की एंट्री से उम्मीद है कि यह खेल पारंपरिक देशों से बाहर भी तेजी से फैलेगा। इससे अमेरिका समेत पूरे महाद्वीप में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और नए, युवा व अलग-अलग पृष्ठभूमि के दर्शक इससे जुड़ेंगे ओलंपिक में क्रिकेट की पिछली और एकमात्र उपस्थिति 1900 पेरिस ओलंपिक में हुई थी, जहां केवल दो टीमें ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस ने दो दिन के 12-खिलाड़ियों वाले मैच में हिस्सा लिया था, जिसे बाद में अनौपचारिक टेस्ट के रूप में मान्यता दी गई। उस मुकाबले में ग्रेट ब्रिटेन ने स्वर्ण पदक जीता था। लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट मॉडर्न फॉर्मेट में वापसी करेगा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों के लिए अलग-अलग टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। हर प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक दिए जाएंगे।
प्रत्येक टूर्नामेंट में छह टीमें भाग लेंगी और हर वर्ग (पुरुष व महिला) में 90 खिलाड़ियों का कोटा तय किया गया है, जिससे हर टीम 15 खिलाड़ियों का स्क्वाड उतार सकेगी। सभी मुकाबले पोमोना के फेयरग्राउंड्स में बनाए जा रहे अस्थायी और विशेष रूप से तैयार किए गए स्टेडियम में खेले जाएंगे, जो लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है। इन मैचों का आयोजन 12 जुलाई से 29 जुलाई के बीच किया जाएगा। ओलंपिक से पहले इसी फेयरप्लेक्स ग्राउंड्स पर मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) के तीन मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स की टीम 1 से 5 जुलाई के बीच मैदान पर उतरेगी। एमएलसी अमेरिका की प्रमुख पेशेवर टी20 क्रिकेट लीग है, जो देश में इस खेल को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभा रही है।

