विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर आयुक्त का जोर

सतना: शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने जोन क्रमांक 5 में लगभग 1.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित छह विकास कार्यों की जमीनी आवश्यकताओं का आकलन किया। साथ ही निर्माणाधीन मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की तथा नवंबर माह तक निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जोन क्रमांक 5 के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाला एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावित कार्यों के स्थलों का निरीक्षण किया। इनमें यत्रा स्कूल से हरिजन बस्ती, मेहर बाईपास उतैली तक लगभग 50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, शगुन साड़ी से माहेश्वरी स्वीट्स तक लगभग 42.15 लाख रुपये की लागत से नवीन नाला निर्माण तथा महाकाल औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 46.93 लाख रुपये की लागत से WBM सड़क निर्माण शामिल हैं।

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 44 की सेवा बस्ती में लगभग 16.61 लाख रुपये की लागत से पेवर्स रोड निर्माण, परमहंस नगर में प्रकाश गुप्ता से सुधांशु द्विवेदी के घर तक लगभग 13.47 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 45 में गुरुकुल एवं बीएल स्कूल के समीप नाले की दीवार पर लगभग 2.64 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सुरक्षा रेलिंग निर्माण कार्य की स्थल स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित क्षेत्रों में सड़क संपर्क की आवश्यकता, जल निकासी की मौजूदा स्थिति तथा नागरिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया। प्रस्तावित कार्यों का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना, जल निकासी व्यवस्था में सुधार लाना तथा आवश्यक शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करना है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री मुकेश चतुर्वेदी, सहायक यंत्री आकाश बट्टी एवं उपयंत्री श्रीमती दीक्षा तिवारी उपस्थित रहे।

मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश

आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने निर्माणाधीन मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं शेष कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप नवंबर माह तक निर्माण पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कार्यों में आवश्यक गति बनाए रखने, तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने पर विशेष जोर दिया। परियोजना पूर्ण होने से शहर के खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Next Post

चरित्र पर संदेह, पति ने पत्नी की हत्या का किया प्रयास

Wed Oct 14 , 2026
जबलपुर:अधारताल थाना अंतर्गत महाराजपुर में चरित्र संदेह पर पति ने पत्नी की हत्या करने के इरादे से धारदार हथियार से हमला कर दिया । पुलिस के मुताबिक नरेश कुम्हार 48 वर्ष निवासी मुरैठ सिहोरा ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि बेटी रेश्मा की शादी नवम्बर 2025 में सोनू कुम्हार से रीतिरिवाज […]

You May Like