इंदौर: मेट्रो रेल के दूसरे चरण का लोकार्पण 27 मार्च को संभावित है. मेट्रो के व्यवसायिक संचालन का शुभारंभ करने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर के इंदौर आने की संभावना है. इसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई है.मेट्रो रेल के दूसरे चरण के सुपर कॉरिडोर 02 से मालवीय नगर चौराहे तक 11.5 किलोमीटर लंबी लाइन का काम पूरा हो गया है. उक्त दूसरे चरण में 11 मेट्रो स्टेशन का निर्माण भी किया गया है.
मेट्रो प्राथमिक कॉरिडोर के दूसरे चरण का सत्यापन मेट्रो रेल कमिश्नर सुरक्षा ने कर लिया है. कल शाम उनका अंतिम जांच और निरीक्षण कार्य पूरा हो गया है और वे आज सुबह दिल्ली लौट गए है. मेट्रो रेल लाइन निर्माण पर शासन को करीब 7500 हजार करोड़ का बजट था. यह बात अलग है कि खजराना से हाईकोर्ट तक अंडर ग्राउंड होने से 900 करोड़ रुपए लागत बढ़ गई है. दूसरी ओर एयरपोर्ट से रेलवे स्टेशन तक का काम टाटा और हिंदुस्तान कॉर्प मिलकर कर रहे हैं.
औपचारिक तैयारी शुरू की
सुपर कॉरिडोर 02 से लेकर मालवीय नगर चौराहे तक मेट्रो के व्यवसायिक संचालन का लोकार्पण समारोह लवकुश चौराहे या विजय नगर चौराहे पर होने की चर्चा है. मेट्रो दूसरे चरण का लोकार्पण 27 मार्च को संभावित है और मेट्रो को हरी झंडी दिखाने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर के आने की संभावना है. बताया जा रहा है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शासन स्तर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बात कर कार्यक्रम को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू करने के लिए औपचारिक तैयारी शुरू कर दी है.
