
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में भोपाल से अपने मायके जबलपुर आई एक महिला से बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने बीच सड़क पर स्कूटी रोककर, चाकू दिखाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, न्यू शास्त्रीनगर तिलवारा निवासी 37 वर्षीय आरती ठाकुर वर्तमान में अपने ससुराल भोपाल में रहती है। वह त्योहार पर अपने मायके आई हुई थी। शुक्रवार शाम आरती अपनी मां सरला ठाकुर के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गई थी। उसके पिता भी अपनी मोटरसाइकिल से अलग से उसी पार्टी में गए थे।
रात करीब 9:30 बजे पार्टी खत्म होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे। आरती स्कूटी चला रही थी और मां पीछे बैठी थी, जबकि पिता अपनी बाइक से कुछ दूरी पर पीछे-पीछे आ रहे थे। रात लगभग 9:45 बजे जैसे ही आरती की स्कूटी पिसनहारी मढ़िया के पहले गढ़ा पुलिस लाइन क्वार्टर के सामने पहुंची, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़के वहां आए। बदमाशों ने चलती स्कूटी के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर उन्हें रोक लिया और आरती के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र छीनने लगे। आरती ने जब बचने का प्रयास किया, तो बाइक पर पीछे बैठे लड़के ने कमर से चमचमाता हुआ चाकू निकाल लिया। बदमाश ने चीखते हुए धमकी दी अगर चेन और मंगलसूत्र नहीं दिया, तो जान से खत्म कर देंगे। चाकू देखकर आरती और उसकी मां दहशत में आ गईं और सहम गईं। इसी का फायदा उठाकर लुटेरों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन और मंगलसूत्र खींच लिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मेडिकल की तरफ तेज रफ्तार में फरार हो गए।
