मुलताई। नवोदय विद्यालय पट्टन रोड पर करीब दो वर्ष पहले मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ा खुलासा किया। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार के अनुसार 22 अक्टूबर 2024 को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच में मृतका की पहचान सरूबाई बोहरपी, निवासी देवगांव के रूप में हुई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सुनील बोहरपी और उसके सहयोगी अविनाश गाठे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि पैसों के विवाद और कहासुनी के दौरान सुनील ने गुस्से में सरूबाई को धक्का दिया, जिससे वह घायल हो गई। बाद में आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
