इंदौर: शहर के आउटर इलाके और नो एंट्री पॉइंट पर अब ट्रैफिक पुलिस की निगरानी और सख्त होगी. लंबे समय से बल की कमी झेल रहे जोन 2 में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है. इसके लिए यातायात विभाग ने बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए 119 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बदल दी है.देर शाम जारी आदेश में सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक और महिला आरक्षक सहित 119 पुलिसकर्मियों को एक जोन से दूसरे जोन में भेजा गया है.
विभागीय सूत्रों के मुताबिक फेरबदल का सबसे ज्यादा फायदा जोन 2 को मिला है, जहां करीब 35 से 40 अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं. बताया जा रहा है कि जोन 2 में शहर के अधिकांश आउटर क्षेत्र और नो एंट्री पॉइंट आते हैं. यहां लंबे समय से स्टाफ कम होने के कारण यातायात व्यवस्था और नो एंट्री उल्लंघन पर कार्रवाई प्रभावित हो रही थी. इसी को देखते हुए अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया है.
पुनर्विन्यास किया है
सभी जोनों की आवश्यकता का आकलन करने के बाद पुलिसकर्मियों का पुनर्विन्यास किया है. जिन क्षेत्रों में बल कम था, वहां अतिरिक्त स्टाफ भेजा है, ताकि यातायात व्यवस्था और प्रवर्तन कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सके.
– राजेश कुमार त्रिपाठी, डीसीपी ट्रैफिक
