मुंबई, 20 मई (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और रुपये में जारी गिरावट से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में बिकवाली हावी रही। बीएसई का सेंसेक्स 394.36 अंक की गिरावट में 74,806.49 अंक पर खुला और खुलते ही 671 अंक लुढ़क गया। खबर लिखे जाते समय यह 301.85 अंक (0.40 प्रतिशत) नीचे 74,899 अंक पर था। अमेरिका में बॉन्ड पर रिटर्न बढ़ने से दुनिया भर में शेयर बाजारों पर दबाव रहा। इसके अलावा डॉलर की तुलना में रुपये में जारी गिरावट का असर भी निवेश धारणा को प्रभावित कर रहा है। सुबह के कारोबार में रुपया 97 प्रति डॉलर के करीब पहुंच गया है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 96.70 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 160.75 अंक टूटकर 23,457.25 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 91.80 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट में 23,526.20 अंक पर रहा। आईटी, फार्मा और स्वास्थ्य को छोड़कर अन्य सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। बैंकिंग, वित्त, रसायन, तेल एवं गैस, ऑटो और एफएमसीजी सेक्टरों में तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में बीईएल का शेयर फिलहाल पौने तीन प्रतिशत और टाटा स्टील का ढाई प्रतिशत से ज्यादा नीचे है। इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट है। इंफोसिस, टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स और टीसीएस के शेयर अभी ऊपर चल रहे हैं।

