
खंडवा। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मोघट रोड थाना क्षेत्र के बेगम पार्क में अवैध रूप से पशुओं की चमड़ी, चर्बी और अन्य अवशेषों के भंडारण व व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मामले में आरोपी अनवर कुरेशी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
प्रकरण की शुरुआत 24 अप्रैल को नगर निगम के प्रभारी जोन अधिकारी जाकिर अहमद द्वारा दी गई शिकायत से हुई। जांच के बाद थाना मोघट रोड में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 1959 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 292 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
संयुक्त टीम ने बेगम पार्क स्थित आरोपी के मकान पर छापा मारकर पाया कि वहां अवैध रूप से पशुओं की चर्बी पिघलाकर भंडारण किया जा रहा था। मौके पर प्रस्तुत लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति का और वर्ष 2023 में समाप्त पाया गया। इसके बावजूद अवैध कारोबार जारी था।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 69 टीन चर्बी (प्रत्येक करीब 15 किलो), 9 ड्रम संदिग्ध केमिकल (प्रत्येक 200 लीटर), लगभग 600 चमड़े, 35 बोरी सींग और 6 बोरी पशुओं की नली जब्त की। पशु चिकित्सक द्वारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
25 अप्रैल को कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना मोघट रोड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
