मंडी में प्याज की खरीदी पर ग्रहण: फिलहाल नहीं होगी तीन दिन नीलामी

ब्यावरा: लगभग छः माह पूर्व ब्यावरा कृषि उपज मंडी में लहसुन एवं प्याज की नीलामी कार्य शुरु किया गया था जिससे किसानों को काफी सुविधा होने लगी थी किंतु अब प्याज की मंडी पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है, फिलहाल प्याज की नीलामी नहीं होगी. सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को प्याज की नीलामी होती रही है किंतु आगामी मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को प्याज की नीलामी नहीं करने का निर्णय लिया गया है.

प्याज की नीलामी नहीं किए जाने के पीछे विगत दिवस नीलामी के दौरान हुए हंगामे को देखा जा रहा है, जिसमें किसानों ने कम भाव पर प्याज की खरीदी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था. इसके बाद व्यापारियों द्वारा फिलहाल प्याज की खरीदी में असमर्थता व्यक्त की गई. अब रविवार को मंडी प्रबंधन द्वारा आने वाले मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को मंडी में प्याज की नीलामी नहीं होने की जानकारी दी है. हालांकि लहसुन की नीलामी पूर्व की तरह होने की बात कही है.
किसानों को होने लगी थी सुविधा
कृषि उपज मंडी समिति ब्यावरा में किसान संगठनों, किसानों की मांग पर प्याज एवं लहसुन की मंडी शुरु की गई. इससे आसपास क्षेत्र के किसानों को काफी सुविधा होने लगी थी. इससे किसानों को जहां सुविधा हुई वहीं भारी आवक आने से मंडी की भी आय बढ़ी, टेक्स के रुप में कृषि मंडी की आय में इजाफा होने लगा. मंडी को टेक्स के रुप में 100 रुपये पर 1 रुपये मिल रहा था. साथ ही माल को एक जगह से दूसरी जगह लाने ले जाने हेतु अन्य लोगों को भी काम मिलने लगा. विदित है कि स्थानीय कृषि मंडी में क्विंटलों से प्याज की भारी आवक होने लगी थी.

गौरतलब है कि अभी तक जिले में एकमात्र नरसिंहगढ़ कृषि मंडी में ही लहसुन एवं प्याज की खरीदी की जा रही थी. राजगढ़, कालीपीठ, ब्यावरा, सुठालिया क्षेत्र के किसानों को लहसुन, प्याज का विक्रय करने नरसिंहगढ़ मंडी जाना पड़ रहा था.ब्यावरा एवं आसपास क्षेत्र से नरसिंहगढ़ मंडी जाने पर लगभग 35 किमी का सफर तय करना पड़ रहा था. ब्यावरा मंडी में खरीदी प्रारंभ होने से इतना लम्बा सफर एवं इस पर होने वाला व्यय बचने लगा था.

प्याज के कम भाव को लेकर मंडी में हुआ था हंगामा उल्लेखनीय है कि 17 दिसम्बर को स्थानीय कृषि उपज मंडी में प्याज की नीलामी के दौरान कम भाव को लेकर हंगामे के हालात निर्मित हो गये थे. कुछ किसानों द्वारा नीलामी में काफी कम भाव पर प्याज खरीदे जाने की बात कहते हुए आपत्ति जताई. इससे हंगामे की स्थिति बन गई. नीलामी रुक गई. पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा बातचीत कर समझाईश दी गई, तत्पश्चात नीलामी शुरु की. हालांकि दूसरे दिन 18 दिसम्बर को नीलामी नहीं हुई. इसी बीच रविवार को मंडी द्वारा सूचना दी गई कि आगामी मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को प्याज की खरीदी नहीं होगी

Next Post

उकावल में पार्टी के बाद लापता युवक की मिली लाश

Mon Dec 22 , 2025
शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकवासा चौकी स्थित ग्राम उकावल में सुबह गांव की पुलिया के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गांव […]

You May Like