ग्वालियर: मौर छठ के अवसर पर खदान के गड्ढे में भरे पानी में भाई की शादी का मौर विसर्जित करने गयी 2 सहेलियों की डूबने से मौत हो गयी। दोनों एक ही मोहल्ले में रहती थी। पानी में 5 किशोरियां उतरी थी जिनमें से 3 को बचा लिया गया जबकि दोनों सहेलियां गहरे पानी में चली गयी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को शव तालाब में उतराते हुए मिले। पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना घाटीगांव सर्कल आरोन थाना इलाके के भगवानपुरा गांव के पास खदान में हुई है। भगवानपुरा की 17 वर्षीय सपना पुत्री दशरथ सिंह बंजारा अपनी 16 वर्षीय सहेली ज्योति पुत्री महाराज सिंह बंजारा और अन्य सहेली सरोज, मनीषा, सकीना के साथ मौर विसर्जित करने तालाब रूपी खदान पर गयी थी। मौर विसर्जित करने के बाद वह दूसरी ओर जाकर नहाने लगी। तभी एक किशोरी का पैर फिसला और गहरे पानी में जाने लगी।
उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक पांचों सहेली गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घटना के समय तालाब के पास से एक किशोर अंकित जा रहा था। उसने युवतियों को डूबते देखा तो किनारे पर रखी उन्हीं की साड़ी पानी में फेंक दी। जिसे तीन युवतियों ने पकड़ लिया और साड़ी के सहारे धीरे-धीरे किनारे लग गईं। जबकि दो किशोरी साड़ी नहीं पकड़ पाईं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्चिंग शुरू की, पर शव नहीं मिले, जो देर रात को पानी पर उतराने लगे।
