रीवा-सीधी रेल परियोजना में तेजी; सोन नदी पर ब्रिज तैयार,दिसंबर तक ट्रेन का संचालन

सीधी। रीवा-सीधी नवीन रेल परियोजना के कार्य को लेकर अब सीधी जिले में तेजी दिखने लगी है। सीधी जिले के पहले रेलवे स्टेशन बघवार तक रेल का ट्रायल कार्य पूर्ण होने के बाद अब रेलवे विभाग द्वारा आगे के लिए रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य भी तेज कर दिया गया है। वहीं जिला मुख्यालय के समीपी सोन नदी के कुर्रवाह में 650 मीटर लंबे रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रैक बिछाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है।

यह कार्य जेसीएल लिमिटेड मेरठ द्वारा किया जा रहा है। करीब 90 करोड़ की लागत से इंपार्टेंट ब्रिज का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है। रेलवे पुल का स्ट्रक्चर तैयार होने के बाद रेलवे ट्रैक के लिए गाटर चढ़ाने का काम किया गया, फिर ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू किया गया। बताया गया है कि 541 किलोमीटर की ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना में रीवा से सीधी जिले के बीच सबसे महंगे रेलवे ब्रिज का निर्माण सोन नदी पर किया गया है। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम डिवीजन मुख्यालय जबलपुर के निर्देश पर बीच-बीच में कुर्रवाह पहुंचकर निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज की गुणवत्ता देख रही है। स्वीकृत डिजाइन के आधार पर टेंडर लेने वाली कम्पनी द्वारा ब्रिज का निर्माण किया गया है। निर्माण कार्य में लगी कम्पनी के नुमाइंदों का कहना है कि सोन नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज के ऊपर काफी सावधानी के साथ काम हो रहा है। यह कार्य जल्द पूर्ण हो जाएगा।

उधर रीवा-सीधी रेलवे लाइन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक 45 किलोमीटर क्षेत्र में ट्रैक बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। अप्रैल 2025 तक रामपुर नैकिन तक ट्रैक बिछाने का लक्ष्य है, जिससे रीवा से वहां तक ट्रेन संचालन संभव हो सकेगा। नवंबर 2025 तक पूरे 88 किमी लंबे ट्रैक का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है और दिसंबर 2025 से ट्रेन संचालन शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना में 14 मेजर ब्रिज स्वीकृत हैं, जिनमें से 8 का निर्माण पूरा हो चुका है। सीधी मुख्यालय के नौढिया में रेलवे स्टेशन का कार्य भी तेजी से चल रहा है। स्टेशन पर रीवा की तर्ज पर सभी यात्री सुविधाओं से युक्त बड़ा प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। सांसद और विधायक के दबाव व सहयोग से कार्य में तेजी लाई जा रही है।

इनका कहना है

रेलवे अधिकारियों से चर्चा अनुसार पूरी संभावना है कि दिसम्बर माह तक सीधी तक रेलवे ट्रैक एवं रेलवे ब्रिज का कार्य पूर्ण होने के साथ ट्रायल भी हो जायेगा।

डॉ.राजेश मिश्रा, सांसद सीधी

Next Post

26 को सिंगरौली आएंगे विधानसभा अध्यक्ष तोमर 

Fri May 23 , 2025
सिंगरौली। विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 26 मई को दो दिवसीय प्रवास पर सिंगरौली आ रहे हैं। जहां 26 मई की शाम सिंगरौली महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस संबंध में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के सिंगरौली दौरा […]

You May Like

मनोरंजन