
इंदौर. भाजपा किसान मोर्चा के मंत्री और जनपद पंचायत इंदौर के प्रतिनिधि से नगर निगम और पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि वे मंगलवार को ग्राम रोजड़ी से तरबूज बेचने ट्रैक्टर से इंदौर आए थे. पंचशील नगर स्थित चील चौराहा पर पानी पीने के लिए रुके, तभी नगर निगम कर्मचारियों ने आकर उनसे झूमाझटकी शुरू कर दी.
फरियादी सिसोदिया ने पुलिस को बताया कि निगम कर्मचारियों ने उनके बेटे के साथ भी हाथापाई की और उनका इलेक्ट्रॉनिक तराजू तौल कांटा छीन लिया, और उनके तरबूज भी फेंक दिए. इसी बीच सूचना पर पहुंचे एरोड्रम थाने के पुलिसकर्मियों अरविंद मचार, रघुवंशी, सुनील पटेल और एक अन्य व्यक्ति ने भी मारपीट की. इसके बाद पीड़ित भाजपा नेता ने एरोड्रम थाने में शिकायत दर्ज करवाने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए सिसोदिया ने चेतावनी दी है कि अगर 14 मई दोपहर 11 बजे तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने परिवार के साथ थाना परिसर में आत्मदाह करेंगे. उन्होंने कहा कि इसका संपूर्ण दायित्व प्रशासन का होगा. घटना को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है.
