
इंदौर. नववर्ष की रात शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियमों से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. होटल, रेस्टोरेंट, बार और फार्म हाउस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन पूरी तरह कानून के दायरे में ही हों.
आगामी नववर्ष को देखते हुए शहर में सुरक्षा, शांति व्यवस्था, यातायात संचालन और ध्वनि नियंत्रण को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है. जिसके तहत होटल, रेस्टोरेंट, बार, पब, लाउंज, फार्म हाउस और मैरिज गार्डन संचालकों के साथ पुलिस द्वारा बैठक आयोजित की गई. बैठक में साफ शब्दों में कहा गया कि 31 दिसंबर की रात ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल के जरिए निगरानी रखी जाएगी. नशाखोरी, हुड़दंग, नियमों के उल्लंघन या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों को सीधे हिरासत में लिया जाएगा. पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि तय समय सीमा का पालन किया जाए, तेज आवाज में संगीत न बजाया जाए, अवैध शराब या नशे को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पार्किंग, ट्रैफिक और आसपास के रहवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी आयोजकों की होगी. बैठक में जोन 02 क्षेत्र के सभी प्रमुख बार, पब, रेस्टोरेंट, होटल, लॉज, फार्म हाउस और मैरिज गार्डन के करीब 150 प्रतिनिधि मौजूद रहे. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आयोजकों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने दो टूक कहा कि नववर्ष का जश्न मनाने की अनुमति है, लेकिन कानून और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
