ग्वालियर: ग्वालियर शहर का तापमान आज दोपहर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश और निकट के क्षेत्रों पर चक्रवात सक्रिय होने से गर्मी बढ़ रही है। आने वाले 24 घंटों में तापमान और गर्मी की स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
इस सीजन में पहली बार तापमान इतना ऊपर चढ़ा है। तेज धूप और लू के कारण शहरवासी बेहाल नजर आए। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और बाजारों में भी खरीदार कम ही नजर आए। तापमान में पिछले 24 घंटों के भीतर 2.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। सुबह नौ बजे के बाद ही तेज धूप ने चुभना शुरू कर दिया था और दोपहर होते-होते गर्म हवाएं लू में तब्दील हो गईं।
