बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री 81 फीट ऊंची बालाजी प्रतिमा का करेंगे अनावरण

खंडवा। जिले के लिए एक बड़ा धार्मिक एवं सांस्कृतिक अवसर सामने आ रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जल्द ही खंडवा पहुंचेंगे, जहां वे छः गांव माखन में निर्मित 81 फीट ऊंची भगवान तिरुपति बालाजी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही मंदिर के गर्भगृह में भगवान वेंकटेश की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न कराई जाएगी।

यह घोषणा नागपुर में आयोजित कथा के दौरान उस समय हुई, जब मध्यप्रदेश शासन के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एवं बालाजी ग्रुप के संस्थापक रितेश गोयल ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। इस दौरान बागेश्वर बाबा ने न केवल खंडवा आने की सहमति दी, बल्कि इस पूरे प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए इसे “पुनीत और सेवा का कार्य” बताया।

उन्होंने कहा कि खंडवा में देश की सबसे ऊंची बालाजी प्रतिमा का निर्माण निमाड़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और व्यापारिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।

जनवरी में प्रस्तावित भव्य आयोजन :

महाराज श्री ने संकेत दिए हैं कि वे जनवरी माह में शुभ तिथि निर्धारित कर प्राण प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर को भव्य बनाने के लिए देशभर के संत-महंतों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, श्रद्धालुओं के लिए विशाल धार्मिक समागम और संभवतः कथा आयोजन भी किया जा सकता है।

धार्मिक पर्यटन का बनेगा नया केंद्र :

छैगांव माखन में तैयार हो रही 81 फीट ऊंची बालाजी प्रतिमा को देश की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह स्थल न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि खंडवा और निमाड़ क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा। स्थानीय नागरिकों को इस ऐतिहासिक आयोजन का बेसब्री से इंतजार है।

Next Post

कोरसर कोठार में खौफनाक वारदात: नाती ने की 80 वर्षीय बाबा की हत्या

Mon Apr 27 , 2026
सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार में सोमवार दोपहर करीब 11 बजे एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 80 वर्षीय रजई कोल की उनके ही नाती ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश कोल (30 वर्ष), पिता […]

You May Like