
सीधी। वंदे मातरम् राष्ट्रगीत की सार्धशती के अवसर पर आयोजित भारत स्पीक्स थ्रू-थिएटर युवा रंगमंच से राष्ट्र जागरण अभियान के अंतर्गत संगीत नाटक अकादेमी नई दिल्ली एवं इन्द्रवती नाट्य समिति सीधी के संयुक्त तत्वाधान में 15 जुलाई को ग्राम गांधीग्राम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बांके लाल उर्फ बंका बैगा के जीवन संघर्ष और बलिदान पर आधारित भव्य रंगमंचीय नाटक बंका बैगा का सफल एवं भावपूर्ण मंचन सम्पन्न हुआ।
जनजातीय स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत इस आयोजन ने उपस्थित जनसमुदाय को स्वतंत्रता संग्राम के उन अमर सेनानियों की गौरवगाथा से रूबरू कराया, जिनका इतिहास मुख्यधारा के विमर्श में अपेक्षाकृत कम स्थान पा सका है। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इसके पूर्व बंका बैगा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बंका बैगा के पुत्र श्यामलाल बैगा, राज बहादुर बैगा एवं बसंत बैगा, रामभजन बैगा के पुत्र राज बहोर बैगा तथा बंका बैगा के संघर्ष कालीन सहयोगी इंद्रभान जायसवाल का अतिथियों द्वारा अंग वस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का भी अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। गांधीग्राम की गलियों में निकली भव्य कलात्मक जनजागरण रैली इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही। स्थानीय लोक कलाकारों ने बैगा सइला जनजातीय नृत्य की अद्भुत एवं मनोहारी प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति की जीवंत झांकी प्रस्तुत की। उपस्थित जनसमुदाय ने इन महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रसेवा को भावपूर्ण स्मरण किया। रैली के उपरांत देशभक्ति से ओत-प्रोत भजन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और अधिक ऊर्जावान एवं प्रेरणादायी बना दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों की भावनाएं अनेक अवसरों पर उमड़ पड़ीं और पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंद्रशरण सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के रूप में इंजी.आरबी सिंह, पूजा सिंह कुशराम, पूनम सोनी, सीएल पनिका, अमित सिंह, जितेन्द्र सिंह चौहान, डॉ.बीना मिश्रा सहित ग्रामीणजन, विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे।
००
नाटक में इन्होंने निभाई भूमिका
नाटक में देवेन्द्र तिवारी ने बंका बैगा, लकी चतुर्वेदी ने चंद्रप्रताप तिवारी एवं बेउहर, जय सिंह ने रामभजन बैगा, अमितेश द्विवेदी ने डॉ.राममनोहर लोहिया एवं पबाईदार, प्रभात कुमार पटेल ने ददई सिंह, हिमांशु मिश्र ने जमुना प्रसाद शास्त्री, अकुंश पाण्डेय ने कलेक्टर एवं मुखिया, ओमकार पाण्डेय ने बंसपति राम शुक्ला, जगदेव सिंह, जनार्दन शुक्ला एवं सबाईलाल, वतन द्विवेदी ने सूत्रधार-1, शुभ सिंह ने सूत्रधार-2, राम किशन साकेत ने भगबत, आकाश प्रजापति ने पीए तथा शिव बहोर जायसवाल ने यदुनाथ सिंह की भूमिका का प्रभावी निर्वहन किया। समूह कलाकारों के रूप में प्रभात पटेल, आदर्श मिश्र एवं प्रवीण साहू ने अपनी सशक्त प्रस्तुति से नाटक को और अधिक जीवंत बनाया। कार्यक्रम के संयोजन का दायित्व नीरज कुंदेर ने निभाया। प्रकाश परिकल्पना रजनीश कुमार जायसवाल, वस्त्र विन्यास प्रजीत कुमार साकेत तथा संगीत संयोजन हिमांशु मिश्र द्वारा किया गया। नाटक का लेखन एवं संगीत परिकल्पना रोशनी प्रसाद मिश्र द्वारा तथा इसकी परिकल्पना एवं निर्देशन शिव नारायण कुंदेर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन रोशनी प्रसाद मिश्र ने किया।
०००००००००
