
जबलपुर। जबलपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर एंट्री के नाम पर चल रहे भ्रष्टाचार के खेल का आज जबलपुर लोकायुक्त ने पर्दाफाश किया है।
लोकायुक्त की टीम ने बरगी के पास ट्रैप कार्रवाई कर आरटीओ आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके लिए वसूली करने वाले प्राइवेट व्यक्ति मोहित साहू को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रशांत दत्तात्रेय जाधव निवासी खारघर, नवी मुंबई की करीब 10 गाड़ियां इस मार्ग से होकर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में माल सप्लाई करती हैं। आज जब उनकी गाड़ी क्रमांक डीडी 01 पी 09764 बरगी क्षेत्र से गुजर रही थी, तब ड्यूटी पर तैनात आरक्षक श्वेता अहिरवार और उनके सहयोगी मोहित साहू ने वाहन को बिना किसी रुकावट के निकलने देने (एंट्री) के बदले 4,500 रुपये की अवैध मांग की।
वाहन चालक जय सिंह यादव की शिकायत पर लोकायुक्त ने तत्काल जाल बिछाया। जैसे ही हाईवे पर निर्धारित स्थान पर चालक ने आरक्षक के इशारे पर उनके साथी मोहित साहू को रिश्वत की रकम थमाई, सादे कपड़ों में तैनात लोकायुक्त की टीम ने दोनों को दबोच लिया।
